अकादेमी का बाल साहित्य पुरस्कार 2022
***********************************
साहित्य अकादेमी ने हिंदी के लिए क्षमा शर्मा, उर्दू के लिए ज़फर कलामी और अंग्रेजी के लिए अर्शिया सत्तार समेत 22 भाषाओं के लेखकों-लेखिकाओं को अकादेमी का बाल साहित्य पुरस्कार 2022 दिए जाने की बुधवार को घोषणा की।'साहित्य अकादेमी के अध्यक्ष डा0 चंद्रशेखर कंबार की अध्यक्षता में अकादेमी के कार्यकारी मंडल की बुधवार को हुई बैठक में 22 (भाषाओं के) लेखकों को साहित्य अकादेमी बाल साहित्य पुरस्कार 2022 के लिए अनुमोदित किया गया।
हिंदी में लेखिका शर्मा को 'क्षमा शर्मा की चुनिंदा बाल कहानियां' के लिए प्रतिष्ठित बाल साहित्य पुरस्कार से
सम्मानित किया जाएगा। उर्दू में कमाली को उनके कविता संग्रह 'हौंसलों की उड़ान' तथा अंग्रेजी में अर्शिया सत्तार को उनके 'महाभारत फार चिल्ड्रन' के लिए इस प्रतिष्ठित पुरस्कार से सम्मानित किया जाएगा। संस्कृत में कुलदीप शर्मा को उनके कविता संग्रह सचित्रम्प्रहेलिकाशतकम् (अभिनवसंस्कृतप्रहेलिकाः) के लिए,राजस्थानी में विश्वामित्र दाधीच उनके कविता संग्रह 'माछलयां रा आंसू' के लिए और बांग्ला में जय मित्र को उनके कहानी संग्रह 'चार पांच जोन बोंधु' के लिए पुरस्कृत किया जाएगा। साथ ही मराठी में संगीता बर्वे को उनके उपन्यास 'पियूची वही' के लिए सम्मानित किया जाएगा।इन पुस्तकों को त्रिसदस्यीय निर्णायक मंडल ने निर्धारित चयन प्रक्रिया का पालन करते हुए पुरस्कार के लिए चुना है।अकादमी के सचिव ने यह भी बताया कि पंजाबी भाषा में इस वर्ष पुरस्कार नहीं दिया जा रहा है जबकि संथाली भाषा में पुरस्कार की घोषणा बाद में की जाएगी।विज्ञप्ति के मुताबिक, पुरस्कार के लिए एक जनवरी 2016 से 31 दिसंबर 2020 के बीच पहली बार प्रकाशित हुई पुस्तकों पर विचार किया गया है।
No comments:
Post a Comment